शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की देता था धमकी

Uncategorized

आजमगढ़। जहानागंज थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक महिला का कथित रूप से शारीरिक शोषण करने तथा अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने के आरोप में एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, महिला उत्पीड़न और मारपीट समेत कुल 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को प्राप्त तहरीर के आधार पर ग्राम गम्भीरवन निवासी रोशन सिंह उर्फ विक्की सिंह के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए, बाद में शादी से इंकार कर दिया और अश्लील फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
मामले में थाना जहानागंज पर मुकदमा संख्या 127/2026 धारा 69 और 352 बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर धारा 115(2) एवं 351(3) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार कुशवाहा ने मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी रोशन सिंह उर्फ विक्की सिंह को परदेशी मोड़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 40 वर्ष बताई गई है।
लंबा आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी जहानागंज थाना का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ आजमगढ़ के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, महिला उत्पीड़न, मारपीट और धमकी जैसे गंभीर मामलों सहित कुल 18 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेजते हुए मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *