
आजमगढ़। सरायमीर थाना पुलिस ने फर्जी वरासत दर्ज कराकर भूमि का अवैध बैनामा करने और धोखाधड़ी के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर राजस्व अभिलेखों में कूटरचना कर संपत्ति हड़पने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, सरायमीर थाना क्षेत्र के नन्दाव गांव निवासी सफुद्दीन ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि मृतक नसीम अहमद की संपत्ति के उत्तराधिकार संबंधी अभिलेखों में फर्जी और भ्रामक तथ्य दर्ज कर उनकी पत्नी नसरीन तथा बच्चों के वैधानिक अधिकारों की अनदेखी की गई। आरोप है कि फर्जी तरीके से वरासत दर्ज कराने के बाद संबंधित भूमि का बैनामा कर धोखाधड़ी की गई।
मामले में थाना सरायमीर पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपियों की संलिप्तता सामने आने पर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक राजकुमार यादव और उपनिरीक्षक प्रशांत सिंह पुलिस टीम के साथ वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित अभियुक्त कादनपट्टी मोड़ पर मौजूद है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर अब्दुल फहद (32 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय नसीम, निवासी राजापुर सिकरौर थाना सरायमीर को 19 जून 2026 की शाम करीब 7:35 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी वर्ष 2019 में थाना निजामाबाद में धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश से संबंधित मुकदमा दर्ज है।
सरायमीर पुलिस का कहना है कि भूमि संबंधी धोखाधड़ी और कूटरचना के मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
