
आजमगढ़। दीवानी न्यायालय परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिल का कोतवाली पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अपचारी किशोरों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बाइक के साथ एक अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, महाराजगंज थाना क्षेत्र के उसूरकुढवा निवासी पिंटू गोस्वामी 19 जून को मुकदमे की तारीख देखने के लिए दीवानी न्यायालय आए थे। उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP50 AP 2264) जजी मैदान स्थित पार्किंग में खड़ी की थी। न्यायालय से लौटने पर बाइक गायब मिली। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 19 जून की रात करीब 11:15 बजे बंधा रोड ठंडी सड़क क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सिधारी थाना क्षेत्र के निवासी 22 वर्षीय राहुल भारती को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दो अपचारी किशोरों को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आयुध अधिनियम के तहत एक और मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध चोरी और अवैध हथियार रखने से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
बरामद सामान
चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (UP50 AP 2264)
एक अवैध .315 बोर तमंचा
एक जिंदा .315 बोर कारतूस
इस कार्रवाई को चौकी प्रभारी रोडवेज उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, चौकी प्रभारी सिविल लाइन उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार मिश्रा तथा कोतवाली पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
