“माफिया किंग (KILLER UP TM 9521__)” और “राजभर जी जयहिन्द भाई यूपी-50 आजमगढ़ 9521” नाम से गैंग का प्रदर्शन करने पर पुलिस के हत्थे चढ़े

Uncategorized

आजमगढ़। जनपद में सोशल मीडिया के माध्यम से बढ़ रही गैंग संस्कृति पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत पवई पुलिस ने एक युवक के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान थाना पवई पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग में पाया कि कुछ युवक इंस्टाग्राम पर “माफिया किंग (KILLER UP TM 9521__)” और “राजभर जी जयहिन्द भाई यूपी-50 आजमगढ़ 9521” नाम से गैंग का प्रदर्शन करते हुए वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार इस प्रकार की गतिविधियों से समाज में भय और असुरक्षा का माहौल बन सकता है।
जांच के दौरान पुलिस ने गैंग से जुड़े विनय कुमार सिंह उर्फ सिप्पू सिंह (28 वर्ष) निवासी अहिलासपुर, थाना पवई को चिन्हित किया। युवक को उसके अभिभावकों की मौजूदगी में थाना बुलाया गया, जहां उसकी काउंसलिंग की गई। पुलिस ने उसे कानून-व्यवस्था, यातायात नियमों तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी दी।
पुलिस ने संबंधित युवक के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी।
पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें सकारात्मक कार्यों तथा सामाजिक मूल्यों के प्रति जागरूक करें।
पवई पुलिस की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विशाल चक्रवर्ती, आरक्षी विकास यादव तथा रिक्रूट आरक्षी पुष्कर सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन वज्रपात के तहत ऐसी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *