
आजमगढ़। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के केशवपुर महमूद पट्टी गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के 28 वर्षीय युवक नागेंद्र यादव उर्फ शिवा राजा की गोली लगने से मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए।
जानकारी के अनुसार, गांव के दक्षिण दिशा स्थित मुबारकपुर थाना क्षेत्र के जमुआ में एक बाग में नागेंद्र यादव का शव मिला। परिजनों का दावा है कि उसने अपनी पिस्टल से दाहिनी कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलने पर सीओ आस्था जायसवाल, जीयनपुर कोतवाल विनय कुमार सिंह, मुबारकपुर पुलिस तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक नागेंद्र यादव उर्फ शिवा राजा गांव की सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय था। वह आगामी ग्राम प्रधान चुनाव का प्रमुख दावेदार माना जा रहा था तथा पूर्व में क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) भी रह चुका था।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार नागेंद्र यादव जीयनपुर कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ विभिन्न मामलों में कुल नौ मुकदमे दर्ज थे।
मृतक के परिवार में पिता हरेंद्र यादव, माता सोना देवी और भाई प्रवीण यादव सहित अन्य सदस्य हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर ही मौत की परिस्थितियां पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगी। CO ने बताया कि पारिवारिक कलह के चलते खुद को गोली मार कर आत्महत्या की बात सामने आ रही है।
पटवध से बबलू राय की रिपोर्ट
