ऑपरेशन दहन: पुलिस ने अपमिश्रित शराब बनाने का लाखों का मुकदमाती माल कराया नष्ट

Uncategorized

आजमगढ़। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन दहन” अभियान के तहत पवई थाना पुलिस ने न्यायालय के आदेश के अनुपालन में अपमिश्रित शराब बनाने में प्रयुक्त मुकदमाती माल का विधिक प्रक्रिया के तहत निस्तारण कराया। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को एफटीसी-2 न्यायालय, आजमगढ़ के आदेश के क्रम में थाना पवई पर वर्ष 2021 में दर्ज मुकदमे से संबंधित जब्त माल को नष्ट किया गया। इस मुकदमे में धोखाधड़ी, जालसाजी, खाद्य पदार्थों में मिलावट तथा आबकारी अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की गई थी।
निस्तारित किए गए माल में 100 क्यूआर कोड, 1000 सीसी के 100 ढक्कन, 400 लीटर स्प्रिट, 624 पाउच अपमिश्रित देशी शराब, सात किलोग्राम यूरिया, एक किलोग्राम नौसादर, 71 खाली गत्ते, एक एल्कोहल मीटर, एक पैकिंग मशीन तथा 12 हजार रुपये नकद शामिल रहे।
मुकदमाती माल का निस्तारण उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार की उपस्थिति में कराया गया। इस दौरान थानाध्यक्ष मनीष पाल, मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार सहित थाना पवई के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने बताया कि अभियान के तहत न्यायालय के आदेशों का पूर्ण अनुपालन करते हुए जब्त माल का विधिसम्मत निस्तारण कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *