शादी में गया था परिवार, पीछे से मकान में घुसकर कब्जे का प्रयास; तीन महिलाएं गिरफ्तार, शहर की घटना

Uncategorized

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के जोधी का पूरा मोहल्ले में परिवार के शादी समारोह में बाहर रहने का फायदा उठाकर मकान में जबरन घुसकर कब्जा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, जोधी का पूरा निवासी सुधांशु चतुर्वेदी ने तहरीर देकर बताया कि 22 जून को उनके भाई की शादी के कारण परिवार के सभी सदस्य लखनऊ गए हुए थे और घर में ताला बंद था। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षी पक्ष ने घर का दरवाजा तोड़कर जबरन प्रवेश किया और अपना सामान रखकर मकान पर कब्जा करने का प्रयास किया।
पीड़ित के मुताबिक, 23 जून की सुबह जब परिवार के सदस्य वापस लौटे तो आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा मकान खाली न करने की बात कही। मामले की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जानकी देवी पत्नी सुभाष सोनकर, सरोजा देवी पत्नी सुरेंद्र सोनकर निवासी जोधी का पूरा तथा सीमा सोनकर पत्नी ईश्वर सोनकर निवासी रसूलपुर, थाना मुबारकपुर को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में कोतवाली थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राम किशोर शर्मा, कांस्टेबल अमर प्रजापति, विशाल यादव, महिला आरक्षी इंदु गुप्ता एवं महिला हेड कांस्टेबल मनीता यादव शामिल रहीं।
पुलिस का कहना है कि अवैध कब्जे और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *