सरकारी कार्य में बाधा डालने पर तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Uncategorized

अतरौलिया। सार्वजनिक रास्ते पर जलभराव की समस्या दूर करने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम के साथ अभद्रता, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने तथा धमकी देने के आरोप में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, मुबारकपुर मंडल के भीलमपुर छपरा गांव निवासी सूबेदार यादव ने उपजिलाधिकारी बूढ़नपुर को शिकायती पत्र देकर सार्वजनिक रास्ते पर जलभराव और अतिक्रमण की शिकायत की थी। शिकायत के निस्तारण के लिए बुधवार को हल्का लेखपाल मुकेश कुमार राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम सार्वजनिक रास्ते पर जमा पानी की निकासी और समस्या के समाधान के लिए मिट्टी डलवाने का कार्य करा रही थी।
आरोप है कि इसी दौरान गांव के सत्यदेव, दिनेश यादव और संदीप यादव मौके पर पहुंच गए और कार्य को रुकवा दिया। लेखपाल की तहरीर के अनुसार तीनों आरोपियों ने सरकारी कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की तथा सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि सत्यदेव हंसुआ लेकर मौके पर पहुंचा और राजस्व टीम को धमकी देने लगा। साथ ही आत्मदाह की धमकी देकर प्रशासनिक कार्रवाई पर दबाव बनाने का प्रयास किया गया।
घटना के बाद हल्का लेखपाल मुकेश कुमार ने अतरौलिया थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक विश्वजीत पांडेय को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *