
आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के सकरामऊ गांव में मंगलवार तड़के 24 वर्षीय विवाहिता वर्षा पत्नी जयहिंद विश्वकर्मा संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकी मिली। थाना की पुलिस फोर्स, नायब तहसीलदार और क्षेत्राधिकारी लालगंज मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुटे रहे। पुलिस ने औपचारिक कार्रवाई कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के वर्षा घर के बाहर टीन शेड में रखी चारा काटने की मशीन के एंगल से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटकी मिली। परिजन इलाज के लिए जौनपुर ले जाने लगे। रास्ते में गौरा बादशाहपुर थाना क्षेत्र स्थित सचौरा में वर्षा के मायके जाकर परिजनों को घटना की सूचना दी। जौनपुर के अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने वर्षा को मृत घोषित कर दिया।
मायका पक्ष ने आरोप लगाया कि वर्षा की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया गया। उनका कहना है कि विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और उसके शरीर पर चोट के निशान भी थे।
