महिलाओं पर हमला, बंद मकान का जबरन ताला तोड़ने का वीडियो वायरल होने पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Uncategorized

आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के जमीन अगया गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में दो महिलाएं और एक युवक घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पक्ष की शशिकला चौबे पत्नी धर्मेंद्र चौबे ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर रामप्रसाद चौबे, उनके पुत्र चंदन, रोशन और अंकिल लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी व अन्य हथियारों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने बंद मकान का ताला तोड़कर कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट की गई।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची संतरा देवी पत्नी सुरेंद्र प्रसाद भी हमले में घायल हो गईं। परिजनों का आरोप है कि उनके सिर पर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। साथ ही उनके गले का मंगलसूत्र और पैर की पायल छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़ित पक्ष के इंद्रजीत चौबे का कहना है कि विवादित मकान की रजिस्ट्री वर्ष 2024 में उनके पक्ष में हुई थी और वे लंबे समय से उस पर काबिज हैं। उनका आरोप है कि विपक्षियों ने बाद में कथित रूप से फर्जी तरीके से दूसरी रजिस्ट्री कराकर मकान पर कब्जा करने का प्रयास किया। घटना के समय घर के पुरुष सदस्य बाहर थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग घर का ताला तोड़ते और महिलाओं के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि तहरीर और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *