खेलते समय सांप ने डसा, डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत

Uncategorized

आजमगढ़। मेहनगर थाना क्षेत्र के करनेहुआ गांव में रविवार को घर के दरवाजे पर खेल रहे डेढ़ वर्षीय मासूम की सांप के डसने से मौत हो गई। अस्पताल ले जाते समय ही बच्चे ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, करनेहुआ गांव निवासी इंदल गोंड का डेढ़ वर्षीय पुत्र विकास रविवार शाम घर के दरवाजे पर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। शुरुआत में परिजनों को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। कुछ देर बाद बच्चे के मुंह से झाग निकलने लगा और उसकी हालत बिगड़ने लगी।
परिजन आनन-फानन में मासूम को उपचार के लिए एक निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। चिकित्सक ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, यदि समय रहते बच्चे को अस्पताल पहुंचा दिया गया होता तो उसकी जान बचने की संभावना थी।
मृतक विकास अपने दो भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत से मां नीलम का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बरसात के मौसम में जहरीले सांपों के बढ़ते खतरे को देखते हुए लोगों से बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और सर्पदंश की स्थिति में बिना देर किए नजदीकी अस्पताल पहुंचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *