
आजमगढ़। जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूली बस पलट जाने से 9 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि बस में सवार कई अन्य बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर बच्चों को बस से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
जानकारी के अनुसार, जामिया फैजेआम, देवगांव की स्कूल बस गुरुवार सुबह बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी। जब बस वाराणसी-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसही मोड़ तिराहे के पास पहुंची, तभी अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। देखते ही देखते बस सड़क किनारे अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना इतनी अचानक हुई कि बस में बैठे बच्चे अपनी सीटों से उछल पड़े और चीख-पुकार मच गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और तत्काल पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। घायल बच्चों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए छात्र की पहचान देवगांव कोतवाली क्षेत्र के बनारसपुर गांव निवासी 9 वर्षीय युनूस बेलाल खान के रूप में हुई। उसे गंभीर हालत में सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय लालगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही देवगांव पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की सहायता से सड़क किनारे पलटी बस को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। हादसे में घायल अन्य बच्चों का उपचार अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश बच्चों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि कुछ का इलाज निगरानी में किया जा रहा है।
क्षेत्राधिकारी भूपेश पांडेय ने बताया कि बस दुर्घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक स्तर पर चालक का नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
