ऑनलाइन नौकरी के नाम पर ठगे गए ₹3 हजार वापस, साइबर हेल्पडेस्क फूलपुर की त्वरित कार्रवाई

Uncategorized

आजमगढ़। फूलपुर थाना की साइबर हेल्पडेस्क ने ऑनलाइन प्राइवेट नौकरी दिलाने के नाम पर हुई साइबर ठगी के मामले में पीड़ित के 3,000 रुपये सफलतापूर्वक वापस करा दिए।
पुलिस के अनुसार, फूलपुर थाना क्षेत्र के खानपुर निवासी उदयराज के साथ 31 जनवरी 2026 को अज्ञात साइबर ठग ने ऑनलाइन प्राइवेट जॉब दिलाने का झांसा देकर सर्विस चार्ज के नाम पर उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 3,000 रुपये की ठगी कर ली थी। घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने पर साइबर हेल्पडेस्क फूलपुर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक खाते को फ्रीज कराया। इसके बाद मनी रिटर्न मैकेनिज्म (MRM) पोर्टल के माध्यम से बैंक के नोडल अधिकारी से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार कार्रवाई कराई गई, जिसके बाद पीड़ित के खाते में पूरी 3,000 रुपये की धनराशि वापस करा दी गई।
आजमगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन नौकरी, निवेश, लोन या अन्य आकर्षक ऑफर के नाम पर किसी अज्ञात व्यक्ति के बहकावे में आकर पैसे ट्रांसफर न करें। यदि साइबर ठगी हो जाए तो तत्काल 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर धनराशि वापस कराई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *