
आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के मसीरपुर गांव स्थित खाकी बाबा मंदिर के पास शनिवार सुबह पोखरे में एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के सिर पर गहरे चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे कुछ ग्रामीण मंदिर के पास स्थित पोखरे में मछलियों को चारा डालने पहुंचे थे। इसी दौरान पानी में एक युवक का सिर दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना लालगंज चौकी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोखरे से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसने काले रंग की जींस और लाल रंग की बनियान पहन रखी थी। उसके दोनों कानों पर सफेद दाग हैं तथा जेब से तंबाकू की एक पुड़िया भी बरामद हुई है। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
शव के सिर पर मिले गहरे चोट के निशानों को देखते हुए स्थानीय लोग हत्या कर शव पोखरे में फेंके जाने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने आसपास के थानों में शव की फोटो भेजकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
