
आजमगढ़। दीवानी न्यायालय परिसर की पार्किंग से मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी शिवा मौर्या उर्फ मटेलू को रोडवेज बस अड्डे से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार महाराजगंज थाना क्षेत्र के उसूरकुढवा गांव निवासी पिन्टू गोस्वामी 27 अगस्त को अपने मुकदमे की तारीख देखने पिता के साथ दीवानी न्यायालय पहुंचे थे। उन्होंने अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर UP50 AP 2264) जजी मैदान की पार्किंग में खड़ी की थी।
न्यायालय से वापस लौटने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। पीड़ित की तहरीर पर थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 327/2026 के तहत धारा 303(2), 317(2) और 3(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की विवेचना और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 27 अगस्त को सुबह करीब 11:10 बजे शिवा मौर्या उर्फ मटेलू पुत्र पप्पू मौर्या, निवासी शंकर तिराहा, थाना सिधारी, आजमगढ़, उम्र करीब 20 वर्ष को रोडवेज बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक राजेन्द्र कुमार, कांस्टेबल अंशुमान सिंह और कांस्टेबल मनीष कुमार सिंह शामिल रहे।
