
आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात पुलिस और अंतरजनपदीय ठग-चोर गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। गिरफ्तार आरोपी चोरी, ठगी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर समेत कई गंभीर मामलों में वांछित बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को कंधरापुर थाना क्षेत्र के आजमपुर निवासी देवदत्त गोंड की सुपर स्प्लेंडर बाइक सदर अस्पताल परिसर से चोरी हो गई थी। इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी।
इसी दौरान प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय को सूचना मिली कि दो बदमाश बाग लखराव पुलिया के रास्ते शहर की ओर किसी वारदात को अंजाम देने आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में गाजीपुर के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी 24 वर्षीय राजेश यादव के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी विजय यादव (36), निवासी केशरवां, थाना दुल्लहपुर, गाजीपुर, भागने के दौरान पकड़ लिया गया।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की। घायल राजेश यादव को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के मुताबिक राजेश यादव के खिलाफ गाजीपुर, मिर्जापुर, मऊ और आजमगढ़ में चोरी, ठगी, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विजय यादव के खिलाफ भी कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूरी कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।
