पुरानी जेल परिसर के पास मिला कटा मानव पैर, शहर में मची सनसनी; मेडिकल वेस्ट या अपराध, पुलिस हर पहलू की कर रही जांच

Uncategorized

आजमगढ़ (रिपोर्ट: बबलू राय)। शहर कोतवाली से कुछ ही दूरी पर स्थित पुरानी जेल परिसर के पास मंगलवार को एक कटा हुआ मानव पैर मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बीच शहर में मानव अंग मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन कटे हुए पैर के अलावा शरीर का कोई अन्य हिस्सा नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मानव पैर को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि पास स्थित डंपिंग यार्ड में नगर पालिका की गाड़ियों से अस्पतालों का मेडिकल कचरा भी डाला जाता है। संभावना जताई जा रही है कि यह मानव पैर मेडिकल वेस्ट का हिस्सा हो सकता है, जिसे कोई आवारा कुत्ता या अन्य जानवर खींचकर सड़क किनारे ले आया हो।
हालांकि कुछ लोग इस घटना को किसी गंभीर आपराधिक वारदात से भी जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल पुलिस का कहना है कि अभी तक ऐसा कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है, जिससे हत्या या किसी अन्य अपराध की पुष्टि हो सके।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मिला हुआ मानव पैर मेडिकल वेस्ट का हिस्सा है या मामला किसी अपराध से जुड़ा है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *