सऊदी अरब से गांव पहुंचा प्रवासी मजदूर का शव, परिवार में मचा कोहराम; अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब

Uncategorized

आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर गांव निवासी एक प्रवासी भारतीय का शव सऊदी अरब से मंगलवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा। शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग उनके आवास पर पहुंचे।
मिली जानकारी के अनुसार, मोहिउद्दीनपुर निवासी रामआशीष पुत्र स्वर्गीय जिन्नू राम रोजी-रोटी की तलाश में सऊदी अरब में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि पिछले लगभग एक महीने से उनकी तबीयत खराब चल रही थी, जिसके बाद उन्हें वहां के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान 1 जुलाई को उनकी मौत हो गई।
आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सोमवार को उनका शव हवाई मार्ग से लखनऊ लाया गया, जहां से एंबुलेंस के जरिए मंगलवार को उनके पैतृक गांव मोहिउद्दीनपुर पहुंचाया गया। जैसे ही शव घर पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी मातम का माहौल छा गया।
मृतक अपने पीछे चार पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। इनमें दो पुत्रियों का विवाह हो चुका है। परिवार के सामने अब आर्थिक और सामाजिक जिम्मेदारियों का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
शोक संवेदना व्यक्त करने वालों में पूर्व सांसद डॉ. बलिराम, लालमन यादव, रामनगीना महंथ, पूर्व बसपा विधानसभा अध्यक्ष शिवशंकर लाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं प्रधान इकबाल उर्फ चुन्नू, बाबूराम यादव, ग्राम विकास अधिकारी ओमप्रकाश राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *