
आजमगढ़। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने मंगलवार को जिलेभर में ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान के तहत स्कूल वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 16 स्कूल वाहनों का चालान किया गया, जबकि 9 स्कूल वाहनों को सीज कर उनके संचालकों पर करीब दो लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
एआरटीओ अतुल यादव के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के दौरान स्कूल वाहनों की फिटनेस, परमिट, आवश्यक दस्तावेज, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, स्पीड गवर्नर सहित अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई। जांच में कई वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए, जिन पर तत्काल कार्रवाई की गई।
सीज किए गए वाहनों को रानी की सराय, सरायमीर, दीदारगंज, मार्टीनगंज और बरदह थानों में खड़ा कराया गया है। संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जा रही है।
एआरटीओ अतुल यादव ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। बिना फिटनेस, सुरक्षा उपकरणों की कमी या नियमों का उल्लंघन कर चलने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।
उन्होंने स्कूल प्रबंधकों और वाहन मालिकों से सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षित यात्रा केवल कानूनी दायित्व ही नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी भी है। थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है, इसलिए बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
