
आजमगढ़। जिले की कोतवाली पुलिस ने महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनने और चोरी जैसी वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के सरगना को गैंगस्टर एक्ट के तहत गिरफ्तार कर संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आरोपी के विरुद्ध आजमगढ़ और वाराणसी में चेन स्नेचिंग, चोरी, लूट, अवैध शस्त्र और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 8 नवंबर 2025 को कोतवाली क्षेत्र में बाजार से घर लौट रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन छीनकर फरार हो गए थे। इस मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान विशाल उर्फ बाबू बीडी और पिंटू हरिजन उर्फ अशोक के नाम सामने आए।
जांच में पता चला कि दोनों आरोपी एक संगठित गिरोह बनाकर महिलाओं को निशाना बनाते थे और चेन स्नेचिंग, चोरी सहित अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों को अंजाम देकर अवैध आर्थिक लाभ कमाते थे। गिरोह की लगातार आपराधिक गतिविधियों से लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था। इसके बाद पुलिस ने गैंग चार्ट तैयार कर जिलाधिकारी से अनुमोदन प्राप्त किया और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार को गैंगस्टर एक्ट में वांछित विशाल उर्फ बाबू बीडी पुत्र भरतलाल, निवासी पुराना कांशीराम आवास, थाना शिवपुर, जनपद वाराणसी को ठंडी सड़क बंधा रोड स्थित प्राइवेट बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ और वाराणसी के विभिन्न थानों में चेन स्नेचिंग, चोरी, लूट, अवैध शस्त्र रखने और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।
इस कार्रवाई को कोतवाली पुलिस की संगठित अपराध के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों और गैंग के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।
