भाजपा का 2027 मिशन तेज, प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का फॉर्मूला, बोले- मंडल होंगे चुनाव की धुरी

Uncategorized

आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने गुरुवार को आजमगढ़ में आजमगढ़, लालगंज, मऊ और बलिया के जिलाध्यक्षों, विधायकों, मंडल अध्यक्षों, अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग बैठकों में संगठनात्मक रणनीति पर मंथन किया। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर मंडल और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि मंडल संगठन की धुरी है। मजबूत मंडल से ही सशक्त शक्ति केंद्र और प्रभावी बूथ तैयार होंगे, जो चुनावी सफलता का आधार बनेंगे। उन्होंने मंडल कार्यसमिति के प्रत्येक सदस्य की सक्रिय भूमिका, स्पष्ट जिम्मेदारी और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित बैठकें, कार्यवाही रजिस्टर का सुव्यवस्थित रखरखाव तथा संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा और भविष्य की कार्ययोजना पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश, क्षेत्र और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ-साथ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों को भी संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। इससे संगठन का विस्तार होगा और समाज के साथ संवाद और अधिक मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का केंद्र मंडल होगा और बूथों की मजबूती ही भाजपा की विजय सुनिश्चित करेगी।
अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर शुरू किए गए समरसता संकल्प अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य गुरु रविदास के विचारों और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
धर्मपाल सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संतों और महापुरुषों के जीवन एवं विचारों को समाज तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव रामजी आंबेडकर से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर नई पीढ़ी को उनके जीवन और संघर्ष से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
बैठक में उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति मोर्चा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाए। उन्होंने विपक्ष पर भ्रम और दुष्प्रचार फैलाने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं से तथ्यों के आधार पर जनता के बीच सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से रखने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्षों और विधायकों के साथ बैठक में उन्होंने संगठनात्मक अभियानों को प्रभावी बनाने, जनसंपर्क बढ़ाने और सरकार की उपलब्धियों को लगातार जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच सक्रिय रहेंगे तो चुनाव के समय अतिरिक्त प्रयास की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और जीत का अंतर भी बढ़ेगा।
बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने की, जबकि संचालन क्षेत्रीय महामंत्री सुनील गुप्ता ने किया। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री दारा सिंह चौहान, दानिश आजाद अंसारी, केतकी सिंह, प्रदेश मंत्री सहजानंद राय, संचिता श्री चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *