योग के रंग में रंगा आजमगढ़: चंद्रमा ऋषि आश्रम में भव्य आयोजन, कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने किया योगाभ्यास,तमसा नदी की स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान, हजारों लोगों ने किया सामूहिक योग

Uncategorized

आजमगढ़। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद का ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाला चंद्रमा ऋषि आश्रम योगमय हो उठा। तमसा और सिली नदी के पावन संगम तट पर स्थित आश्रम परिसर में आयोजित भव्य योग कार्यक्रम में हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नन्हकू राम वर्मा, सदर एसडीएम नरेंद्र गंगवार सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह समेत पार्टी के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। योग दिवस को सफल बनाने के लिए शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय, सफाई कर्मियों तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। सुबह से ही आश्रम परिसर में लोगों का जुटना शुरू हो गया था। निर्धारित समय पर मंच पर मौजूद योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
इस अवसर पर कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि लगभग 12 वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री के प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र संघ ने योग के महत्व को स्वीकार करते हुए अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की घोषणा की थी। इसके बाद से पूरी दुनिया में योग के प्रति जागरूकता बढ़ी है और करोड़ों लोग इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना चुके हैं।
उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल और प्रदेश के मुख्यमंत्री झांसी में आयोजित योग कार्यक्रमों में भाग लेकर देशवासियों को स्वस्थ जीवन का संदेश दे रहे हैं। योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है, जो शरीर, मन और आत्मा को संतुलित करती है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से योग को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा शक्ति है और स्वस्थ युवा ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।
अपने संबोधन में कारागार मंत्री ने योग के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और नदी स्वच्छता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनपद से लगभग 89 किलोमीटर तक बहने वाली तमसा नदी हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसकी स्वच्छता के लिए ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों को आगे आकर जनभागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने तमसा नदी की सफाई को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद के ग्राम स्तर, ब्लॉक स्तर और जिला स्तर पर व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जिनमें हजारों लोग भाग ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग शरीर और मन को स्वस्थ रखने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में योग को स्थान देना चाहिए।
जिलाधिकारी ने चंद्रमा ऋषि आश्रम के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह स्थल प्राचीन काल से ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रहा है। तमसा और सिली नदी के पावन संगम पर स्थित यह आश्रम आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन के लिए इस स्थल का चयन किया गया था और इस वर्ष भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस आश्रम स्थल के सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए और भी योजनाएं संचालित की जाएंगी, जिससे यह स्थान धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से और अधिक विकसित हो सके।
पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और अनुशासन का माहौल देखने को मिला। योगाभ्यास के बाद लोगों ने नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण और नदी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम जनपद में स्वास्थ्य, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *