
आजमगढ़। बरदह थाना की साइबर हेल्प डेस्क ने इंस्टाग्राम पर ड्रोन कैमरा खरीदने के नाम पर हुई साइबर ठगी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में ₹3,400 की पूरी धनराशि वापस कराई है।
पुलिस के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के खरगीपुर निवासी अमित यादव ने 15 मार्च 2026 को इंस्टाग्राम पर ड्रोन कैमरा खरीदने का विज्ञापन देखकर दिए गए लिंक पर क्लिक कर ऑनलाइन भुगतान किया था। भुगतान के बाद उनके साथ ₹3,400 की साइबर ठगी हो गई।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने एनसीआरपी (National Cyber Crime Reporting Portal) पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर बरदह थाना की साइबर हेल्प डेस्क ने संबंधित बैंक खाते में ठगी की धनराशि को होल्ड कराया। इसके बाद आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए एमआरएम (Money Restoration Module) पोर्टल के माध्यम से पीड़ित के बैंक खाते में ₹3,400 की पूरी राशि वापस करा दी गई।
पीड़ित ने धनराशि वापस मिलने पर आजमगढ़ पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष चन्द्रदीप कुमार, उपनिरीक्षक मनीष सिंह एवं महिला आरक्षी आरती सिंह की प्रमुख भूमिका रही।
