मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित, युवाओं को स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित

Uncategorized

आजमगढ़। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत हरिऔध कला केन्द्र में बुधवार को एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यह योजना उन्हें आत्मनिर्भर और रोजगार सृजक बनाने की दिशा में प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बैंकों से पात्र युवाओं को त्वरित एवं पारदर्शी ढंग से ऋण उपलब्ध कराने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं को इस योजना के तहत बिना गारंटी एवं ब्याज मुक्त 5 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने बताया कि योजना शुरू होने के बाद से आजमगढ़ में 5 हजार से अधिक युवाओं को ऋण मिल चुका है, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है। इसके बावजूद बड़ी संख्या में पात्र युवा अभी भी योजना का लाभ लेने से वंचित हैं।
उन्होंने कहा कि कार्यशाला में आईटीआई, पॉलिटेक्निक, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया, ताकि युवा सीधे बैंक अधिकारियों से संवाद कर ऋण प्रक्रिया को समझ सकें।
जिलाधिकारी ने बैंक अधिकारियों से पात्र आवेदनों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा स्वीकृत ऋण का शीघ्र वितरण कराने का आग्रह किया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक युवाओं को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने युवाओं से कहा कि ऋण का उपयोग उसी उद्देश्य के लिए करें, जिसके लिए वह प्राप्त किया गया है। योजनाबद्ध तरीके से व्यवसाय शुरू करने पर वे न केवल आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करेंगे।
कार्यशाला में उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव ने योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, ऋण स्वीकृति, बैंकिंग प्रक्रिया एवं विभागीय सहायता की विस्तृत जानकारी दी। वहीं विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों और बैंक प्रतिनिधियों ने ऋण वितरण से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग प्रभात रंजन, एलडीएम यूबीआई अभिषेक द्विवेदी, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, बैंक प्रतिनिधि, उद्योग विभाग के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *