आजमगढ़ में राजस्व वसूली पर सख्ती: 10 बड़े बकायेदारों पर कार्रवाई के निर्देश, भूमिहीनों को जमीन देने का आदेश

Uncategorized

आजमगढ़: कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कर-करेत्तर, राजस्व वसूली और राजस्व वादों के निस्तारण को लेकर मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व कार्यों की प्रगति, वसूली की स्थिति और लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने विद्युत देयकों की वसूली में धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वसूली में तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद के सबसे बड़े 10 बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर हर हाल में वसूली सुनिश्चित की जाए। साथ ही अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि जहां भी अवैध खनन मिले, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए उसकी वीडियोग्राफी कराई जाए और वाहनों का चालान भी सुनिश्चित किया जाए।
भूमिहीनों को जमीन आवंटन के मुद्दे पर जिलाधिकारी ने कहा कि तहसीलों में उपलब्ध भूमि का सत्यापन कर पात्र व्यक्तियों को नियमानुसार कृषि भूमि का पट्टा दिया जाए। खतौनी में नाम की गड़बड़ी को गंभीरता से लेते हुए उसे जल्द ठीक कराने के निर्देश भी दिए गए। स्वामित्व योजना के अंतर्गत प्रपत्र-7 बनने के बाद कोई भी मामला लंबित न रहे, यह सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मृतक किसानों के परिवारों को निर्धारित समय सीमा में सहायता राशि दी जाए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के आधार पर जांच कर दोषियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाए। तहसीलवार बड़े भू-माफियाओं की पहचान कर उनके खिलाफ प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।
इसके अलावा विभिन्न धाराओं—धारा 34, 67, 24, 38, 80 और 116—से जुड़े मामलों के निस्तारण में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसानों के फसल नुकसान के मुआवजे का भुगतान भी प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गम्भीर सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी संजीव ओझा सहित सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
(रिपोर्ट: ABC KHABAR)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *