
आजमगढ़। जनपद में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के अभियान के तहत पांच अपराधियों के विरुद्ध उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की गई है। अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) ने पुलिस रिपोर्ट के आधार पर सभी को अगले चार माह तक प्रत्येक पखवाड़े संबंधित थाने में हाजिरी लगाने का आदेश दिया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कंधरापुर पुलिस की रिपोर्ट पर कार्रवाई की गई। आदेश के तहत करन विश्वकर्मा (घाटीपट्टी, रानी की सराय), सूरज (घाटीपट्टी, रानी की सराय), आकाश यादव (रेवरा परवेजपुर, निजामाबाद), संकज (चेवार पश्चिम, देवगांव) तथा फकरे आलम उर्फ फकरू (कुरैश नगर, जीयनपुर) को चार माह तक प्रत्येक पखवाड़े संबंधित थाना प्रभारी के समक्ष उपस्थित होकर अपनी हाजिरी दर्ज करानी होगी।
पुलिस ने बताया कि इन सभी के विरुद्ध पूर्व से मारपीट, धमकी, हत्या के प्रयास, चोरी सहित विभिन्न आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। यदि कोई भी आरोपी न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि जनपद में अपराधी प्रवृत्ति के व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
