
आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को बाबा बैद्यनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से पीछे से टकरा गई। हादसे में तीन श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि दो अन्य सुरक्षित बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जनपद बस्ती निवासी पांच श्रद्धालु कार संख्या UP-51 BA-9332 से बाबा बैद्यनाथ धाम से दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। देवगांव क्षेत्र में बुढ़ऊ बाबा पेट्रोल पंप के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में आदित्य पुत्र राजेंद्र, प्रेमचंद्र (38) पुत्र रामनयन तथा इंद्रसेन सिंह (32) पुत्र अंबिका सिंह घायल हो गए। वहीं कार में सवार संजय चौधरी पुत्र रामशबद और रामकिशुन भी मौजूद थे, जिन्हें गंभीर चोट नहीं आई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची देवगांव पुलिस ने घायलों को संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय, लालगंज भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर यातायात सुचारु कराया तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
