
आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के महुला गांव में मजदूरी मांगने को लेकर हुए विवाद में एक मजदूर को कथित तौर पर बंधक बनाकर पेड़ से बांधने और मारपीट कर अपमानित करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
ग्राम महुला निवासी मिथिलेश गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मजदूरी मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद रवि उर्फ रितेश राय, संदीप राय और मंजू देवी उसे जबरन गौशाला ले गए। आरोप है कि वहां उसे पेड़ से बांधकर मारपीट की गई और अपमानित करने के साथ उसकी सामाजिक छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।
मामले में रौनापार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मु0अ0सं0 256/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 115(2), 352, 131 और 133 में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रवि उर्फ रितेश राय पुत्र स्व. श्रीप्रकाश राय, निवासी महुला, थाना रौनापार, उम्र 28 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और उनके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि किसी व्यक्ति को जबरन बंधक बनाना, मारपीट करना या सार्वजनिक रूप से अपमानित कर कानून हाथ में लेना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ कड़ी और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
