आजमगढ़ पहुंचे अबू आसिम आजमी, एनकाउंटर नीति पर उठाए सवाल; बोले- ‘यह एनकाउंटर नहीं, मर्डर है’, दिवंगत सपा विधायक को आवास पर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

Uncategorized

आजमगढ़: समाजवादी पार्टी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी रविवार को आजमगढ़ के कुर्मी टोला स्थित निजामाबाद के दिवंगत विधायक आलमबदी आवास पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने दिवंगत नेता को सादगी की मिसाल बताते हुए कहा कि ऐसे नेता आज के दौर में बहुत कम देखने को मिलते हैं।
मीडिया से बातचीत में अबू आसिम आजमी ने उत्तर प्रदेश सरकार की एनकाउंटर नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर कार्रवाई संविधान और कानून के दायरे में होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जिस तरह एनकाउंटर के नाम पर कार्रवाई हो रही है, वह “एनकाउंटर नहीं बल्कि मर्डर” है। उनका कहना था कि वास्तविक एनकाउंटर तभी माना जाएगा, जब अपराधी पुलिस पर हमला करे।
एआईएमआईएम के साथ चुनावी गठबंधन की संभावना पर उन्होंने कहा कि फिलहाल गठबंधन मजबूत है और सरकार बनने का पूरा भरोसा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी दल से गठबंधन होगा या नहीं, इसका फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
गौकशी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि गाय काटने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, यहां तक कि फांसी की सजा भी दी जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि गाय को गौमाता का दर्जा दिया गया है, तो यह कानून केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में समान रूप से लागू होना चाहिए। उन्होंने उत्तर-पूर्वी राज्यों और गोवा का भी उल्लेख करते हुए कहा कि वहां भी इस विषय पर समान नीति होनी चाहिए।
वहीं, कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर टिप्पणी करते हुए अबू आसिम आजमी ने कहा कि वह उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेते और उन पर विश्वास नहीं करते। वह छोटे आदमी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *