पांच माह से मानदेय न मिलने पर भड़के आउटसोर्सिंग कर्मी, CMO कार्यालय पर प्रदर्शन

Uncategorized

आजमगढ़। पांच माह से मानदेय का भुगतान नहीं होने से नाराज स्वास्थ्य विभाग के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। पैरामेडिकल स्टाफ, वार्ड ब्वाय, नर्स और कंप्यूटर ऑपरेटर समेत बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने स्वास्थ्य प्रशासन और कार्यदायी संस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बकाया मानदेय के तत्काल भुगतान की मांग उठाई।
जानकारी के अनुसार, जिले के विभिन्न सीएचसी और पीएचसी में आउटसोर्सिंग कंपनी अवनी परिधि एनर्जी एंड कम्युनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से करीब 140 कर्मचारी तैनात हैं। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने बताया कि जनवरी 2026 से उनका मानदेय बकाया है, जबकि वे लगातार अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रहे हैं।
कर्मचारियों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्रों से भुगतान संबंधी बिल समय पर सीएमओ कार्यालय नहीं भेजे जाते, जिसके चलते मानदेय भुगतान में लगातार देरी हो रही है। उन्होंने कहा कि कई महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है और कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने सीएमओ डॉ. ननकूराम वर्मा को ज्ञापन सौंपकर बकाया मानदेय का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस संबंध में सीएमओ डॉ. ननकूराम वर्मा ने बताया कि बजट के अभाव में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का भुगतान रुका हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बजट उपलब्ध होते ही सभी कर्मचारियों का बकाया मानदेय जल्द जारी कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *