एसओजी की गाड़ी ने आशा कार्यकर्ता की बाइक में मारी टक्कर, घायल; तकनीकी खराबी का दिया गया हवाला

Uncategorized

आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर यूबीआई बैंक के सामने एसओजी की गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार आशा कार्यकर्ता घायल हो गईं। हादसे में उनकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला में भर्ती कराया गया है।
घायल की पहचान प्रियंका (35) पत्नी चिंतामणि, निवासी पखनपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रियंका सीएचसी अहरौला से दवा लेकर बाइक से अपने घर लौट रही थीं। वह यूबीआई बैंक के सामने पहुंचीं, तभी सामने से आ रही एसओजी की गाड़ी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद प्रियंका सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इससे पहले एसओजी की गाड़ी एक स्कूल वाहन से भी टकराई थी। लगातार हुई टक्कर की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता पहुंच गईं। उन्होंने हादसे पर नाराजगी जताते हुए घायल प्रियंका का हालचाल लिया और उनके उपचार की जानकारी ली।
मौके पर आशा ब्लॉक संयोजक रीना उपाध्याय और आशा संघ की निवर्तमान अध्यक्ष बृजबाला सिंह समेत कई आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
वहीं, थानाध्यक्ष मंतोष कुमार सिंह ने बताया कि एसओजी की गाड़ी में तकनीकी खराबी के कारण वाहन के अनियंत्रित होकर टकराने की सूचना मिली है। पुलिस ने घायल महिला से बातचीत की है और उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *