
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने शुक्रवार को विकासखंड रानी की सराय के प्राथमिक विद्यालय ऊंजी जलाईपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, शौचालय और साफ-सफाई समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम कक्षा एक और दो में पहुंचे तो छोटे बच्चे टाइल्स पर बिछी दरी पर पढ़ रहे थे। डीएम भी बच्चों के बीच नीचे बैठ गए और उनसे प्यार-दुलार करते हुए आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के बारे में जानकारी लेने के साथ उनकी किताबें पढ़वाकर शैक्षणिक गुणवत्ता परखी। डीएम ने बच्चों से सवाल भी पूछे और विद्यालय में मिलने वाले मध्यान्ह भोजन के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय के रसोईघर का निरीक्षण किया। उन्होंने तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था देखी। उन्होंने निर्देश दिया कि शासन द्वारा निर्धारित मेन्यू के अनुसार ही बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन तैयार कराया जाए। भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता में किसी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय की उपस्थिति पंजिका भी देखी और छात्र-छात्राओं की वास्तविक उपस्थिति की जानकारी ली। इसके साथ ही बालक और बालिका शौचालयों का निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को शौचालयों की नियमित सफाई कराने और उन्हें हमेशा स्वच्छ एवं उपयोग योग्य रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने विद्यालय परिसर में भी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी व्यवस्थाओं का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित हो।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, बच्चों की वास्तविक उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
