






आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में विवादित भूमि पर चहारदीवारी तोड़ने, गाली-गलौज करने तथा धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने के आरोप में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के शेखूपुर गांव निवासी बदिउज्जमा पुत्र शब्बीर ने 10 मई 2026 को तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी भूमि गाटा संख्या 36/0.015 हेक्टेयर पर राजस्व टीम द्वारा 4 मई को पैमाइश के बाद पत्थर नसब किया गया था। समाधान दिवस पर धारा-24 के तहत पैमाइश के उपरांत वह अपनी भूमि पर चहारदीवारी बनवा रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान विपक्षीगण एक राय होकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए चहारदीवारी तोड़ दी। साथ ही धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से सूअर का कटा सिर और कटे अंग फेंक दिए तथा जान से मारने की धमकी भी दी।
मामले में थाना बिलरियागंज पर मु0अ0सं0 113/2026 धारा 3(5)/196/352/351(3)/326(ई)/324(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के नेतृत्व में रविवार को उ0नि0 इसरार अहमद व उ0नि0 संतोष कुमार यादव मय पुलिस टीम ने ग्राम जैगहा में दबिश दी। पुलिस के अनुसार, नोटिस तामील कराने के दौरान आरोपियों ने नोटिस लेने से इंकार किया और नाम-पता बताने में आनाकानी की। इसके बाद आवश्यक बल प्रयोग कर पांच महिलाओं समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में सुरजी देवी, रीता देवी, मनीषा, रेनू, आरती तथा मुकेश निवासी ग्राम जैगहा थाना बिलरियागंज शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा जा रहा है।
