

आजमगढ़। कोतवाली क्षेत्र के हरैया निवासी संतोष कुमार त्रिपाठी ने अपने बहनोई समेत चार लोगों पर फ्लैट दिलाने के नाम पर करीब 20 लाख रुपये हड़पने, धोखाधड़ी करने और घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
संतोष कुमार त्रिपाठी के अनुसार, उनके बहनोई नरेन्द्र उपाध्याय, बहन मनीषा पत्नी नरेन्द्र उपाध्याय और नरेन्द्र के भाई हरेन्द्र उपाध्याय, निवासी बिजरवा थाना मुबारकपुर, ने साजिश के तहत उन्हें विश्वास में लिया। आरोप है कि दिल्ली के ज्योतिनगर क्षेत्र स्थित एक फ्लैट को दिखाकर उसे खरीदने की बात कही गई। फ्लैट हरिश्चन्द्र गुप्ता की पुत्री बीना गुप्ता के नाम बताया गया था।
तहरीर के मुताबिक, संतोष ने अलग-अलग तारीखों में हरिश्चन्द्र गुप्ता के खाते में 7 लाख रुपये, फ्लैट की कथित मालकिन बीना गुप्ता के खाते में एक लाख रुपये, नरेन्द्र उपाध्याय के खाते में 85 हजार रुपये और 25 हजार रुपये नकद दिए। संतोष का कहना है कि बहन और बहनोई के दिल्ली में रहने तथा पारिवारिक संबंध होने के कारण उन्हें आरोपियों पर पूरा विश्वास था।
आरोप है कि संतोष के पैसे से फ्लैट खरीदने के बजाय आरोपियों ने फ्लैट का बैनामा अपने नाम करा लिया। शिकायत करने पर उन्हें भरोसा दिलाया गया कि फ्लैट को उचित लाभ पर बेचकर उनका मूलधन और लाभांश वापस कर दिया जाएगा। इसके बाद आरोप है कि नवंबर 2025 में फ्लैट को बिना बताए बेच दिया गया।
पीड़ित के अनुसार, फ्लैट बिकने की जानकारी होने पर जब उन्होंने अपना पैसा वापस मांगा तो आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। दिल्ली जाकर पैसे मांगने पर जनवरी 2026 में घर आकर पूरा पैसा देने का आश्वासन दिया गया।
तहरीर में आगे आरोप लगाया गया है कि 22 फरवरी 2026 को नरेन्द्र, मनीषा, आशी और हरेन्द्र एक राय होकर संतोष के घर पहुंचे। आरोप है कि घर में घुसकर गाली-गलौज की गई और पैसे मांगने पर पूरे परिवार की हत्या कराने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने बताया कि उसने घटना की शिकायत थाने में करने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि बार-बार दौड़ाने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। प्रार्थना पत्र पर 6 जुलाई 2026 की तारीख अंकित है।
