
आजमगढ़। मेहनगर और तरवां थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर पौहारी बाबा मंदिर से चोरी किए गए 20 पीतल के घंटे, चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त एक लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान गिरोह के सदस्यों ने गाजीपुर के सैदपुर क्षेत्र स्थित एक मंदिर से भी चार पीतल के घंटे चोरी करने की बात स्वीकार की है। इसके अलावा अन्य मंदिरों में चोरी की घटनाओं के बारे में भी जानकारी सामने आई है, जिनका पुलिस सत्यापन कर रही है।
पुलिस के अनुसार मेहनगर थाना क्षेत्र के पौहारी बाबा मंदिर में चोरों ने पहली वारदात 29 सितंबर की रात की थी। इस दौरान मंदिर से 11 पीतल के घंटे चोरी कर लिए गए। इसके बाद चोरों ने एक बार फिर उसी मंदिर को निशाना बनाया और एक अक्टूबर की रात नौ पीतल के घंटे चोरी कर लिए। लगातार हुई दोनों घटनाओं से पुलिस के सामने मंदिरों में चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ने की चुनौती थी। मामले में मेहनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 340/2026 धारा 305(डी) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को चोरी किए गए घंटों को बेचने की तैयारी और चोरी का माल खरीदने वाले व्यक्ति के बारे में अहम सुराग मिले। इसी आधार पर पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू की। तीन और चार अक्टूबर की रात मेहनगर और तरवां पुलिस की संयुक्त टीम संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग तथा सुरागरसी में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि विशुनपुरा मोड़ के पास खरिहानी-चिरैयाकोट मार्ग पर दो चार पहिया वाहनों में चोरी किए गए पीतल के घंटे रखे हैं और कुछ लोग एक वाहन से दूसरे वाहन में चोरी का माल स्थानांतरित कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही मेहनगर प्रभारी निरीक्षक अभिराज सरोज, चौकी प्रभारी सिंहपुर उपनिरीक्षक अक्षय प्रताप सिंह तथा तरवां पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों की घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखकर आरोपितों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी छह को मौके से पकड़ लिया। तलाशी और पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर चोरी के 20 पीतल के घंटे बरामद हुए। पुलिस ने चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त एक लाख रुपये भी बरामद किए। इसमें प्रेम कुमार के पास से 50 हजार, श्याम गुप्ता के पास से 46 हजार और हर्ष गुप्ता के पास से चार हजार रुपये मिले।
पुलिस पूछताछ में गिरोह के कथित सरगना श्याम गुप्ता ने बताया कि उसकी बर्तन की दुकान में लगातार घाटा हो रहा था। आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए उसने चोरी के जरिए रुपये कमाने की योजना बनाई। इसके बाद उसने अपने यहां काम करने वाले सतीश कुमार और पप्पू राम, अपने बहनोई प्रेम कुमार तथा प्रेम के साथ रहने वाले हर्ष गुप्ता को इस योजना में शामिल किया। गिरोह मंदिरों से पीतल के घंटे चोरी करता और उन्हें मिर्जापुर निवासी अतुल कसेरा को करीब 860 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचता था।
पूछताछ में आरोपितों ने 29 सितंबर की रात पौहारी बाबा मंदिर से 11 और एक अक्टूबर की रात नौ घंटे चोरी करने की बात बताई। चोरी किए गए सभी 20 घंटे दोनों वाहनों में लादकर बेचने के लिए ले जाए जा रहे थे। इसी दौरान विशुनपुरा मोड़ के पास पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने सात अगस्त को गाजीपुर के सैदपुर थाना क्षेत्र स्थित एक मंदिर से चार पीतल के घंटे चोरी किए थे। पुलिस ने इस घटना का सत्यापन किया तो सैदपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 281/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज मिला। पुलिस अब इस घटना में भी गिरफ्तार आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है। पूछताछ में आरोपितों ने अन्य मंदिरों से भी घंटे चोरी करने की बात कही है। इन घटनाओं के संबंध में पुलिस अभिलेखीय सत्यापन और आगे की विवेचना कर रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में श्याम गुप्ता पुत्र राजन प्रसाद गुप्ता निवासी लहरतारा बौलिया, थाना मंडुवाडीह, वाराणसी, प्रेम कुमार पुत्र स्वर्गीय राजेन्द्र प्रसाद निवासी पियरिया पोखरी, थाना चेतगंज, वाराणसी, पप्पू राम पुत्र विक्रमा राम निवासी महुलसा, थाना सादात, गाजीपुर, हर्ष गुप्ता पुत्र श्याम गुप्ता निवासी चौकाघाट पानी टंकी, थाना जैतपुरा, वाराणसी, सतीश कुमार पुत्र लालजीत निवासी बिजरवा पचई पट्टी, थाना सादात, गाजीपुर और अतुल कसेरा पुत्र दिनेश कुमार निवासी तुलसी चौक, थाना कटरा कोतवाली, मिर्जापुर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपितों के पास से टाटा नेक्सॉन संख्या UP65 FF7867 और टाटा टिगोर संख्या UP63 AE5290 भी बरामद की है। मेहनगर थाने में दर्ज मुकदमे में आरोपितों की संलिप्तता और बरामदगी के आधार पर धारा 3(5) और 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य संभावित मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी लालगंज आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में मेहनगर प्रभारी निरीक्षक अभिराज सरोज, उपनिरीक्षक अक्षय प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल विवेक सिंह, कांस्टेबल सूरज गुप्ता, महिला कांस्टेबल राजलक्ष्मी और चालक कांस्टेबल अतुल शुक्ला शामिल रहे। तरवां पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रूपेश कुमार सिंह तथा कांस्टेबल अरविन्द कुमार, नीरज, राकेश, शिवम और संजय शामिल रहे।
