
आजमगढ़। सरायमीर थाना पुलिस ने चोरी और नकबजनी की घटनाओं में सक्रिय गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गैंग लीडर शाकिब उर्फ रियाजू और उसके साथी लालमन के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी संगठित गैंग बनाकर चोरी और नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देते थे और इनके जरिए आर्थिक, भौतिक एवं दुनियाबी लाभ अर्जित करते थे। दोनों के खिलाफ थाना सरायमीर में मु0अ0सं0 215/2026 के तहत धारा 2(ख)(1)/3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।
गैंग लीडर शाकिब पुत्र रियाजूद्दीन उर्फ रियाजू, निवासी नई बाजार, थाना सरायमीर के खिलाफ आजमगढ़ में चोरी, नकबजनी, अवैध शस्त्र, एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम समेत कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गैंग सदस्य लालमन पुत्र हरिनाथ, निवासी खरेवा, थाना सरायमीर के खिलाफ चोरी, नकबजनी और आबकारी अधिनियम समेत चार मुकदमे पंजीकृत हैं।
पुलिस का कहना है कि पूर्व में विवेचना के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अब दोनों पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है।
