रक्षाबंधन पर बहनों को योगी सरकार का तोहफा, 27 से 29 अगस्त तक मुफ्त बस यात्रा, 500 महिलाओं को समारोहपूर्वक दिया उपहार

Uncategorized

आजमगढ़। रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने मातृशक्ति को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया और विशेष बसों को फ्लैग-ऑफ किया। इसका सजीव प्रसारण बुधवार को आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र में किया गया।
कार्यक्रम में कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, एमएलसी विजय बहादुर पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, सीडीओ राकेश कुमार पटेल, एडीएम गंभीर सिंह समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
तीन दिन सभी बहनों को मुफ्त बस यात्रा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि रक्षाबंधन के अवसर पर 27, 28 और 29 अगस्त 2026 तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) और सिटी बस सेवा की बसों में सभी माताओं, बहनों और बेटियों को एक सहयात्री के साथ निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा प्रदेश की 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना शुरू की गई है। इसके तहत पात्र महिलाओं को UPSRTC की बसों में नियमित रूप से निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर महिला स्वावलंबन और सशक्तीकरण की प्रेरणास्रोत रही हैं। इसी भावना के अनुरूप 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए शुरू की गई निशुल्क बस यात्रा योजना का नाम उनके नाम पर रखा गया है।
आजमगढ़ की 500 महिलाओं को साड़ी और मिठाई
रक्षाबंधन के अवसर पर आजमगढ़ में 500 महिलाओं को साड़ी और मिष्ठान सप्रेम भेंट किया गया। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री की पहल का स्वागत करते हुए इसे महिला सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान, एमएलसी विजय बहादुर पाठक और जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने कहा कि इस योजना से मातृशक्ति को सम्मान के साथ यात्रा की सुविधा मिलेगी। “मातृशक्ति का सम्मान, नि:शुल्क यात्रा का उपहार” के संदेश के साथ महिलाओं से योजना का लाभ उठाने की अपील की गई।
महिलाओं के स्वावलंबन पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की 8,000 न्याय पंचायतों में डिजिटल एंटरप्रेन्योरशिप को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसमें 50 प्रतिशत डिजिटल एंटरप्रेन्योर महिलाएं होंगी। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति केंद्रों के साथ शहरों में एआई आधारित सेफ सिटी नेटवर्क तथा 1090 और 112 का इंटीग्रेटेड रिस्पांस सिस्टम काम कर रहा है। वहीं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटियों के जन्म से स्नातक तक शिक्षा के लिए और सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से विवाह के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है।
कार्यक्रम में परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार बाजपेई, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक कुंवर हरिओम श्रीवास्तव व अजय सिंह, एआरटीओ अतुल यादव, जिला सूचना अधिकारी डॉ. पंकज कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी हेमंत सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में मातृशक्ति मौजूद रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *