पांच साल से भूमि विवाद में भटक रहे फरियादी को मिला न्याय, पुलिस-राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई से जमीन पर मिला कब्जा, खुशी के आंसू लेकर SSP को धन्यवाद देने पहुंचे फरियादी

Uncategorized

आजमगढ़। पांच वर्षों से भूमि विवाद को लेकर न्याय की उम्मीद में अधिकारियों के चक्कर लगा रहे एक फरियादी को आखिरकार राहत मिल गई। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर गांव निवासी कन्हैया पुत्र झिंगई की शिकायत पर पुलिस और राजस्व विभाग ने समन्वय स्थापित कर नियमानुसार कार्रवाई कराई। जमीन पर कब्जा मिलने के बाद फरियादी भावुक हो उठा और खुशी के आंसू छलक पड़े।
कन्हैया के अनुसार भूमि को लेकर उसका अपने भाइयों से विवाद चल रहा था। आरोप था कि भाई उसकी भूमि पर कब्जा कर खेती करने का प्रयास कर रहे थे, जिसके कारण उसे अपनी जमीन पर खेत जोतने-बोने में परेशानी हो रही थी। करीब पांच वर्षों से वह अपनी भूमि को लेकर न्याय की आस में प्रयास कर रहा था।
मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार की जनसुनवाई में पहुंचा। SSP ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल और थाना प्रभारी मुबारकपुर को प्रकरण का नियमानुसार परीक्षण कर जल्द और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में मुबारकपुर पुलिस ने राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर मामले की जांच की। उपलब्ध अभिलेखों और तथ्यों का परीक्षण करने के बाद नियमानुसार फरियादी को उसकी भूमि पर कब्जा दिलाया गया। कार्रवाई के बाद कन्हैया वर्तमान में अपनी भूमि पर काबिज है और खेत में जोत-बोने का काम कर रहा है।
करीब पांच साल से चले आ रहे विवाद में राहत मिलने के बाद कन्हैया भावुक हो गया। खुशी के आंसुओं के साथ वह अपने गांव से पुलिस कार्यालय पहुंचा और SSP डॉ. अनिल कुमार से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका आभार जताया।
फरियादी ने जनसुनवाई के माध्यम से उसकी समस्या का त्वरित और प्रभावी समाधान कराने के लिए SSP की कार्यशैली की प्रशंसा की और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।
आजमगढ़ पुलिस का कहना है कि आमजन की समस्याओं का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *