जजी मैदान से चोरी बाइक एक साल बाद बरामद, आरोपी गिरफ्तार, चेचिस और इंजन नंबर खुरचकर मिटाए, पहचान छिपाने के लिए बदल दी थी नंबर प्लेट

Uncategorized

आजमगढ़। दीवानी कचहरी परिसर के जजी मैदान से करीब एक वर्ष पहले चोरी हुई मोटरसाइकिल को कोतवाली पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस से बचने और बाइक की पहचान छिपाने के लिए उसके चेचिस और इंजन नंबर खुरचकर मिटा दिए थे तथा नंबर प्लेट भी बदल दी थी।
सरायमीर थाना क्षेत्र के रसूलपुर निवासी संजय यादव ने 25 सितंबर 2025 को अपनी मोटरसाइकिल संख्या UP50CJ1246 (स्प्लेंडर प्लस) दीवानी कचहरी परिसर में खड़ी की थी। वह मुकदमे की पैरवी के लिए न्यायालय गए थे। वापस लौटने पर बाइक गायब मिली। इसके बाद उन्होंने थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 515/2025 दर्ज कराया था।
मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में 11 सितंबर 2026 को उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर प्राइवेट बस अड्डे के आगे ठंडी सड़क बांध रोड के पास पहुंचे। यहां से पुलिस ने गाजीपुर जिले के दुल्लापुर थाना क्षेत्र के कुशहा सिखड़ी बाजार निवासी सूरज राजभर (22) को सुबह करीब 11:40 बजे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल और 100 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसने जजी मैदान के अंदर से बाइक चोरी की थी। चोरी के बाद पुलिस और आम लोगों से बचने के लिए उसने बाइक की पहचान बदलने का प्रयास किया। इसके लिए चेचिस और इंजन नंबर खुरचकर मिटा दिए तथा नंबर प्लेट भी बदल दी थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 515/2025 के तहत धारा 303(2), 317(2), 318(4), 336(3) और 340(2) बीएनएस में कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल अभय कुमार सिंह, कांस्टेबल अंशुमान सिंह और रिजर्व कांस्टेबल हिमांशु मिश्रा शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *