अतरौलिया के 100 शैया अस्पताल में बंद जनरेटर में लगी आग, अफरा-तफरी के बीच किसी प्रकार से आग पर पाया काबू

Uncategorized

आजमगढ़: अतरौलिया में अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 शैया संयुक्त जिला चिकित्सालय में मंगलवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में लगे बंद जनरेटर में अचानक आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के पेड़-पौधे भी झुलस गए, जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना रात्रि करीब 11 बजे की बताई जा रही है। आग लगते ही अस्पताल के चौकीदारों ने तत्काल फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक अस्पताल कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था।
अस्पताल के इलेक्ट्रीशियन पंकज कुमार के अनुसार, 125 केवीए का ऑटोमेटिक जनरेटर बंद अवस्था में था, तभी अचानक उसमें रिटर्न करंट आने से स्पार्क हुआ और आग लग गई। आग की सूचना से पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार सिन्हा ने तत्काल उच्च अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। गनीमत रही कि आग अस्पताल की मुख्य इमारत तक नहीं पहुंची, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। जिस स्थान पर आग लगी, उसके कुछ ही दूरी पर प्रसूति वार्ड में मरीज भर्ती थीं।
स्वास्थ्य अधीक्षक डॉ. दिनेश सिन्हा ने बताया कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुआ है। समय रहते अस्पताल कर्मचारियों ने आग पर नियंत्रण पा लिया और सभी मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। मौके पर फायर ब्रिगेड कर्मियों के साथ थाना अध्यक्ष भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है।

(आशीष निषाद)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *