दहेज हत्या से लेकर पॉक्सो तक, अतरौलिया पुलिस ने पांच वांछितों को दबोचा, दहेज में बाइक, सोने की चेन और पांच लाख रुपये की मांग के मामलों में पति-ससुर समेत तीन गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अतरौलिया पुलिस ने अलग-अलग मुकदमों में वांछित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनमें दहेज हत्या के दो मामलों में पति व ससुर समेत तीन आरोपी, किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने और पॉक्सो एक्ट के मामले में एक आरोपी तथा छेड़खानी, मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में एक वांछित आरोपी शामिल है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, दो मार्च 2026 को रंजना प्रजापति ने अपनी ननद अंजली प्रजापति को दहेज में मोटरसाइकिल और सोने की चेन की अतिरिक्त मांग को लेकर प्रताड़ित करने तथा ससुरालीजनों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाते हुए अतरौलिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने वांछित राजधारी उर्फ दिलीप पुत्र हरिलाल, निवासी गजेन्धरपट्टी भेदौरा को उसके घर के सामने से गिरफ्तार किया। उसकी उम्र 32 वर्ष बताई गई है।
इसी तरह सात फरवरी 2026 को संतोष सिंह ने अपनी पुत्री अंकिता सिंह से दहेज में पांच लाख रुपये की मांग करने, उसे प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने ग्राम लोहरा निवासी आनन्द प्रकाश सिंह पुत्र दान बहादुर सिंह और दान बहादुर सिंह पुत्र स्व. रामउदय सिंह को उनके घर से गिरफ्तार किया। दोनों की उम्र क्रमश: करीब 28 और 53 वर्ष है।
तीसरे मामले में 19 जुलाई 2026 को मंता ने अपनी नाबालिग पुत्री को रजत द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने इस मामले में वांछित रजत पुत्र सूर्यकांत उर्फ सूरज, निवासी भीलमपुर छपरा, उम्र 22 वर्ष को रानीपुर तिराहे से गिरफ्तार किया।
इसके अलावा नौ अगस्त 2026 को दर्ज एक मुकदमे में महिला ने छेड़खानी, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने तथा उसकी माता के साथ मारपीट का प्रयास करने का आरोप लगाया था। विवेचना के दौरान धारा 118(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। इस मामले में पुलिस ने शैलेश कुमार सिंह पुत्र स्व. रमाशंकर सिंह, निवासी सिहोरा, उम्र 38 वर्ष को उसके अस्थायी निवास प्रताप नगर कॉलोनी, हीरापट्टी, थाना कोतवाली, आजमगढ़ से 13 सितंबर की रात गिरफ्तार किया।
अतरौलिया पुलिस के अनुसार, चार अलग-अलग मुकदमों में हुई कार्रवाई के दौरान कुल पांच वांछित अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। इनमें राजधारी उर्फ दिलीप, आनन्द प्रकाश सिंह, दान बहादुर सिंह, रजत और शैलेश कुमार सिंह शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *