घर में पूजा के दौरान खूनी वारदात, मकानमालिक ने पत्नी समेत दो पंडितों की गोली मारकर की हत्या, लाइसेंसी बंदूक से ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद घर में खुद को बंद किया आरोपी, कई थानों की फोर्स ने घेरा मकान, शव भी नहीं बरामद

Uncategorized

आजमगढ़। शंभूपुर गहजी क्षेत्र में मंगलवार की शाम करीब छह बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और घर में पूजा-पाठ कराने पहुंचे दो पंडितों की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और मकान को चारों तरफ से घेर लिया गया। देर शाम तक पुलिस आरोपी से दरवाजा खुलवाने का प्रयास करती रही। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
बताया जा रहा है कि स्थानीय निवासी अरविंद सिंह मंगलवार की शाम करीब छह बजे अपने घर पहुंचा। आरोप है कि उस समय उसकी पत्नी बबीता सिंह (32) घर में दो पंडितों से पूजा-पाठ और अनुष्ठान करा रही थी। दोनों पंडितों की पहचान महेंद्र पाठक (60) पुत्र सुदामा निवासी पटखौली, शंभूपुर तथा अखिलेश मिश्रा (50) पुत्र लाल बहादुर निवासी छितौना, शंभूपुर के रूप में बताई जा रही है।
आरोप है कि घर में पूजा-पाठ का माहौल देखकर अरविंद सिंह नाराज हो गया और पत्नी तथा दोनों पंडितों से गाली-गलौज करने लगा। पत्नी द्वारा विरोध किए जाने के बाद विवाद बढ़ गया। इसी दौरान अरविंद ने अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल ली और कथित तौर पर सबसे पहले पत्नी बबीता सिंह को गोली मार दी। इसके बाद उसने दोनों पंडितों को भी गोली मार दी।
फायरिंग की आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी ने मकान का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और खुद को घर के भीतर ही कैद कर लिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और मकान की घेराबंदी कर दी गई।
पुलिस टीम आरोपी को बाहर निकालने के लिए दरवाजा खुलवाने का प्रयास करती रही। मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना रहा तथा बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा रहे।
बताया जा रहा है कि गोली लगने से तीनों की मौत हो गई है। हालांकि मौत और घटना के पूरे कारणों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *