
आजमगढ़। अतरौलिया थाना क्षेत्र के पटेल चौराहे पर दो पक्षों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में एक पक्ष के कई लोग दूसरे पक्ष को घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। बीच सड़क हुई मारपीट के चलते चौराहे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया। मामले की जांच कराई गई तो विवाद की वजह फल के ठेले पर पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद सामने आया। बताया गया कि चौराहे के समीप फल की दुकान और ठेले पर रुपये के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए।
वायरल वीडियो में सड़क पर दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती नजर आ रही है। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। घटना का किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की।
एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच कराई गई। जांच में सामने आया कि फल के ठेले पर पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने मामले में निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को हिरासत में लिया है। प्रकरण में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
