
आजमगढ़। फर्जी व्यक्ति खड़ा कर कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और भूमि की फर्जी रजिस्ट्री कराने के मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहे आरोपी मो. हैदर को जीयनपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को चुनहवा चौराहे के पास से हिरासत में लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, सात अप्रैल 2025 को जीयनपुर नगर पंचायत निवासी गौतम प्रसाद चौरसिया ने शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि मो. हैदर, अशहद और मो. आजम ने फर्जी व्यक्ति खड़ा कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और भूमि की फर्जी रजिस्ट्री करा ली। शिकायत के आधार पर जीयनपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 130/2025 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3) और 340(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक जीयनपुर की रिपोर्ट पर जिला मजिस्ट्रेट आजमगढ़ ने 13 सितंबर 2026 को गैंग चार्ट का अनुमोदन किया। इसके बाद 23 सितंबर को जीयनपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 391/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम, 1986 की धारा 2(b)(i)/3(1) में मुकदमा दर्ज किया गया।
गैंगस्टर एक्ट के इस मामले में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान 23 सितंबर को मालटारी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित मो. हैदर पुत्र निजामुद्दीन, निवासी रौजा सैफन पट्टी, थाना जीयनपुर, आजमगढ़ को चुनहवा चौराहे के पास गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मो. हैदर के खिलाफ जीयनपुर थाने में पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास में वर्ष 2016 में धारा 147, 427, 504 और 506 भादवि का मुकदमा, वर्ष 2025 में फर्जी रजिस्ट्री से संबंधित मुकदमा और वर्ष 2026 का गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा शामिल है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक अपराध शम्भूनाथ यादव, कांस्टेबल अजय कुमार प्रथम, कांस्टेबल बुटाई शाह, रिजर्व कांस्टेबल प्रशान्त सिंह और रिजर्व कांस्टेबल मो. शाहिद शामिल रहे।
