
आजमगढ़। रानी की सराय थाना पुलिस ने कोटिला हाईवे कट के पास चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को .315 बोर के तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान नसीम उर्फ लम्बू पुत्र दिलशेर निवासी कोटिला, थाना रानी की सराय, उम्र करीब 41 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपनिरीक्षक अमिताबचन्द पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कोटिला हाईवे कट के पास एक व्यक्ति के अवैध असलहे के साथ मौजूद होने की सूचना मिली।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को 25 सितंबर को करीब 1:30 बजे हिरासत में लिया।
बरामदगी के आधार पर थाना रानी की सराय में मुकदमा अपराध संख्या 262/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार नसीम उर्फ लम्बू के विरुद्ध चोरी, गोवध, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में पूर्व के 18 मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मुकदमे को मिलाकर उसके विरुद्ध दर्ज अभियोगों की संख्या 19 हो गई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमिताबचन्द, हेड कांस्टेबल दुर्गेश पाल और हेड कांस्टेबल दिनेश यादव शामिल रहे।
