इंजेक्शन लगने के बाद महिला की बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग को लेकर क्लिनिक पर किया हंगामा

Uncategorized

आजमगढ़। दीदारगंज थाना क्षेत्र के मकदूमपुर बाजार स्थित एक निजी क्लिनिक में शुक्रवार देर शाम इंजेक्शन लगने के बाद 45 वर्षीय महिला की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए जौनपुर ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना के बाद आक्रोशित परिजनों ने क्लिनिक पर पहुंचकर हंगामा किया और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए शांत कराने का प्रयास किया।
बताया गया कि चितारा महमूदपुर गांव के बिछियापुर गांव निवासी 45 वर्षीय शशिकला देवी पत्नी रामकिशुन यादव शुक्रवार देर शाम दवा लेने के लिए पैदल घर से मकदूमपुर बाजार स्थित निजी क्लिनिक पहुंची थीं। परिजनों के अनुसार क्लिनिक में डॉक्टर कलेन्द्र यादव ने उन्हें इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसकी जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए जौनपुर ले गए। वहां चिकित्सक ने शशिकला देवी को मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और देर शाम मकदूमपुर बाजार स्थित क्लिनिक पर पहुंचकर हंगामा करने लगे। परिजनों ने डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची दीदारगंज पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
स्थानीय बाजारवासियों के अनुसार डॉक्टर कलेन्द्र यादव बरदह थाना क्षेत्र के बेलवाना गांव के निवासी हैं और कई वर्षों से मकदूमपुर बाजार में निजी क्लिनिक संचालित कर रहे हैं। देर रात तक मौके पर पुलिस मौजूद रही।
दीदारगंज थानाध्यक्ष जयप्रकाश यादव ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *