
आजमगढ़: बरदह थाना क्षेत्र के ठेकमा-मार्टिनगंज मार्ग पर तम्मरपुर गांव के सम्मोपुर मोड़ के पास शुक्रवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को उपचार के लिए ठेकमा पहुंचाया, जहां से गंभीर रूप से घायल पुत्र को जौनपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जौनपुर में उपचार के दौरान चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जमुआवा गांव निवासी 46 वर्षीय सुरेंद्र पुत्र स्व. वंशराज शुक्रवार को अपने 20 वर्षीय छोटे पुत्र विशाल राम के साथ बाइक से स्थानीय थाना क्षेत्र के मुक्तिपुर गांव स्थित अपनी बहन के घर जा रहे थे। दोनों ठेकमा-मार्टिनगंज मार्ग पर तम्मरपुर गांव के सम्मोपुर मोड़ के पास पहुंचे थे। इसी दौरान सामने से अचानक दूसरी बाइक आ गई। दोनों बाइक अनियंत्रित होकर आमने-सामने टकरा गईं। दुर्घटना में सुरेंद्र और उनका पुत्र विशाल घायल हो गए, जबकि दूसरा बाइक सवार मौके से चला गया।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए ठेकमा ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद सुरेंद्र को घर भेज दिया गया, जबकि विशाल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जौनपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया। जौनपुर में उपचार के दौरान चिकित्सक ने विशाल को मृत घोषित कर दिया।
विशाल तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर मिलते ही मां उर्मिला समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद पटेल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
