सड़क हादसे में बुझ गया घर का इकलौता चिराग, ई-रिक्शा पलटने से चार वर्षीय मासूम की मौत, बाजार के पास हादसा, सामने आए बच्चे को बचाने में अनियंत्रित हुआ ई-रिक्शा; ननिहाल आया था मासूम

Uncategorized

अतरौलिया आशीष कुमार निषाद। थाना क्षेत्र के अतरैठ बाजार के पास शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा पलटने से चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे ने बूढ़नपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
अंबेडकर नगर जिले के लालमनपुर निवासी सनोज का चार वर्षीय पुत्र अभय वर्मा अपनी मां के साथ अतरौलिया क्षेत्र के पलया गांव स्थित ननिहाल आया था। शुक्रवार को वह अपनी मां के साथ दवा लेने के लिए चाचा के ई-रिक्शा से देउरपुर बाजार जा रहा था।
बताया गया कि ई-रिक्शा अतरैठ बाजार के पास पहुंचा ही था कि अचानक सड़क पर एक अन्य बच्चा सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने ई-रिक्शा को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे में अभय के सिर में गंभीर चोट लग गई।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल मासूम को बूढ़नपुर बाजार स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही मां की चीख-पुकार से अस्पताल परिसर गमगीन हो गया।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस मासूम को लेकर परिवार के लोग भविष्य के सपने संजो रहे थे, उसकी अचानक मौत ने पूरे परिवार को झकझोर दिया। घटना की जानकारी होने पर आसपास के लोग भी शोक में डूब गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *