
आजमगढ़, बलरामपुर/पटवध से बबलू राय। कंधरापुर थाना क्षेत्र के कंहेनपुर गांव के पास सोमवार सुबह नदी में एक युवक का शव उतराता मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान देवखरी गांव निवासी झारखंडेय उपाध्याय (36) के रूप में हुई। बताया गया कि वह रविवार को नदी में नहाने गया था और इसी दौरान डूब गया।
परिजनों के अनुसार झारखंडेय रविवार सुबह अपनी बुलेट बाइक से घर से निकला था। दोपहर में वह चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास पहुंचा और अपनी बुलेट खड़ी करने के बाद कपड़े उतारकर नदी में नहाने चला गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिलने पर उनकी चिंता बढ़ गई।
रात करीब 10 बजे चंद्रमा ऋषि आश्रम के पास झारखंडेय की बुलेट बाइक खड़ी मिली। वहीं पास में उसके कपड़े भी पड़े थे। इससे परिजनों और ग्रामीणों को नदी में डूबने की आशंका हुई। इसके बाद देर रात तक नदी और आसपास के इलाके में उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
सोमवार सुबह कंहेनपुर गांव के पास नदी में ग्रामीणों ने एक युवक का शव पानी में उतराता देखा। सूचना मिलने पर कंधरापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। पहचान होने पर शव झारखंडेय उपाध्याय का निकला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं युवक की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।
