श्याम भजनों से गूंजा अग्रसेन महिला महाविद्यालय, देर रात तक झूमे श्रद्धालु, श्री श्याम अमृत महोत्सव में सजा बाबा का भव्य दरबार, आदर्श दधीच के भजनों पर भाव-विभोर हुए श्याम प्रेमी

Uncategorized

आजमगढ़। नगर स्थित श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय का प्रांगण रविवार की रात श्याम भजनों और जय श्री श्याम के जयकारों से गूंज उठा। श्री कृष्ण जी श्याम भक्त मंडल, आजमगढ़ की ओर से श्री श्याम अमृत महोत्सव एवं विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। बाबा श्याम का भव्य दरबार सजाया गया, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया और सैकड़ों लोगों ने बाहर खड़े होकर भजन संध्या का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य यजमान आशीष गोयल ने सपरिवार बाबा के भव्य श्रृंगार के समक्ष अखंड ज्योत प्रज्वलित कर किया। इसके बाद मंडल के सदस्य हिमांशु अग्रवाल, मानस अग्रवाल और अक्षत अग्रवाल ने पंचदेव वंदना प्रस्तुत की। तीनों ने भजनों की प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इसके बाद स्थानीय भजन गायकों अंश गोयल, अमन अग्रवाल, आकाश अग्रवाल, दीपक अकुड़िया और ओम प्रकाश अग्रवाल ‘लड्डू जी’ ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कटिहार से आए प्रसिद्ध भजन प्रवाहक आदर्श दधीच रहे। उनके मंच संभालते ही पूरा पंडाल जय श्री श्याम के जयकारों से गूंज उठा।
आदर्श दधीच ने श्याम बाबा की भक्ति से जुड़े लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते और नाचते रहे। खासकर महिलाओं और युवाओं में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह नजर आया। भजनों के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
भजन संध्या के समापन के बाद बाबा श्याम की महाआरती उतारी गई। इसके बाद छप्पन भोग का प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। भंडारे में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन को सफल बनाने में मंडल के आदर्श अग्रवाल, मोहित, शिवांश, सूरज, दीपांशु, देव, अक्षत, मानस, हिमांशु, अंश, आकाश, आलेख, अमन, अनमोल, संचित, ओम, राजकुमार अग्रवाल और आयुष अग्रवाल समेत समस्त कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *